मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ।

Image
ब्लॉग प्रेषक: राजीव भारद्वाज
पद/पेशा: व्यंग्यकार
प्रेषण दिनांक: 22-05-2026
उम्र: 40
पता: Nawada
मोबाइल नंबर: 9006726655

मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ।

ऊ दिन हम बाबू साहेब के चाय दुकान पर बैठल थे। बरसात के बाद कीचड़ ऐसा पसरा था जैसे सरकार का वादा चुनाव के बाद फैल जाता है। सामने टीवी पर समाचार चल रहा था। एंकर अइसन चिल्ला रहा था जैसे देश की सीमा पर युद्ध नहीं, बल्कि उसकी खुद की नौकरी दांव पर लगी हो।


उधर विज्ञापन आया—

“मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?”


बस, यही सवाल सुनते ही बगल में बैठल बागेसर चाचा दार्शनिक हो गए। बीड़ी सुलगाते बोले—

“बेटा, आजकल सब कुछ चॉकलेटी हो गया है। नेता का भाषण चॉकलेटी, एंकर का चेहरा चॉकलेटी, यहां तक कि जनता का गुस्सा भी फेसबुक फिल्टर लगाकर आता है।”


हम पूछनी—“चाचा, ई मेलोडी में ऐसा क्या है?”

बोले—

“ई चॉकलेट नहीं, भारतीय भावना है। आदमी बचपन में आठ आना वाला मेलोडी खाकर खुश होता था। अब पांच सौ का पेट्रोल भरवाकर भी खुद को विकसित राष्ट्र का नागरिक समझकर खुश हो रहा है।”

गांव का पप्पू मोबाइल पर रील देख रहा था। अचानक बोला—

“भइया, ई मेलोंनी कौन हैं?”


हम कहें—“इटली की बड़ी नेता हैं।”


पप्पू तुरंत बोला—

“त फिर टीवी पर उनका नाम इतना काहे आता है? हमको लगा नया स्मार्टफोन लॉन्च हुआ है!”


आजकल राजनीति भी सिनेमा बन चुकी है।

नेता लोग मंच पर ऐसे एंट्री मारता है जैसे हीरो क्लाइमेक्स में विलेन को पीटने आया हो।

पीछे देशभक्ति वाला संगीत, सामने हजारों मोबाइल कैमरा, और जनता ऐसे झूमती है जैसे मुफ्त में वाई-फाई बांटा जा रहा हो।


हमर राष्ट्रध्यक्ष जी का भी अलग ही जलवा है।

ऊ जब विदेश जाते हैं न, त गांव के लोग भी नक्शा खोजने लगते हैं।

“अरे देखो-देखो, अबकी बार कौन देश में हाथ हिला रहे हैं!”


गांव की औरत लोग त अब विदेशी नेताओं को रिश्तेदारी में जोड़ चुकी है।

कौशल्या काकी बोलीं—

“ई मेलोंनी बिटिया ठीक लगती है। कम से कम कैमरा के सामने हंसती त है। हमरे यहां त मुखिया जी सड़क देखकर भी मुंह फुला लेते हैं।”


अब सोशल मीडिया का हाल देखिए।

कोई आदमी सुबह में चाय पीते फोटो डालता है—

“देश बदल रहा है।”

दोपहर में बिजली चली जाती है—

“व्यवस्था ध्वस्त है!”

और शाम में वही आदमी राष्ट्रध्वज वाला डीपी लगाकर लिखता है—

“जय हो!”


भारत में आदमी का मूड मौसम विभाग से ज्यादा तेज बदलता है।

उधर टीवी एंकर लोग का हाल ऐसा है कि अगर राष्ट्रध्यक्ष छींक भी दें, त ब्रेकिंग न्यूज चल जाए—

“क्या यह वैश्विक कूटनीति का संकेत है?”

“क्या इस छींक से बदलेगा विश्व संतुलन?”

“विशेषज्ञ बोले—ऐतिहासिक छींक!”

हमर गांव के फेकू मास्टर त बोले—

“अब समाचार कम, अभिनय ज्यादा होता है। एंकर लोग इतना चिल्लाता है कि लगता है देश नहीं, माइक का इलाज जरूरी है।”

लेकिन सच कहें त देश का सबसे मजबूत विभाग जनता का धैर्य है।

महंगाई बढ़े—जनता सह लेती है।

नेटवर्क जाए—जनता सह लेती है।

रेल लेट हो—जनता सह लेती है।

लेकिन अगर चाय में चीनी कम हो जाए न, तब लोकतंत्र सचमुच खतरे में पड़ जाता है।

ऊ दिन बाजार में एक बच्चा मेलोडी खरीद रहा था। दुकानदार बोला—

“बेटा, पांच रुपया और बढ़ गया।”

बच्चा उदास होकर बोला—

“अंकल, चॉकलेट महंगा हो गया?”

दुकानदार हंसते बोला—

“नहीं बेटा, अब इसमें विकास का स्वाद भी मिल रहा है।”

गांव का बेरोजगार नौजवान अब नौकरी से ज्यादा मोटिवेशनल वीडियो देखता है।

सुबह चार बजे उठकर दौड़ता है, सेल्फी डालता है, फिर शाम तक यही सोचता है कि नौकरी निकलेगी कि अगिला परीक्षा भी पेपर लीक में चला जाएगा।

लेकिन उम्मीद अभी भी जिंदा है।

भारत में आदमी जितना जल्दी निराश होता है, उससे दुगुना तेजी से फिर आशावादी बन जाता है।

इसीलिए यहां हर दूसरा आदमी अर्थशास्त्री, तीसरा रणनीतिकार, और चौथा क्रिकेट चयनकर्ता होता है।

राष्ट्रध्यक्ष जी मंच से बोलते हैं—

“देश नई ऊंचाइयों पर जा रहा है।”


जनता ताली बजाती है।

पीछे खड़ा आदमी धीरे से पूछता है—

“भाई, राशन कार्ड का लिंक हुआ कि नहीं?”


यही भारत है।

यहां आदमी मेलोडी चॉकलेट खाते-खाते विश्व राजनीति पर चर्चा कर देता है।

गांव का चाय दुकान संयुक्त राष्ट्र संघ से कम नहीं होता।

और चाहे दुनिया कितना बदल जाए, भारतीय जनता मुस्कुराकर यही कहती है—


“सब ठीक हो जाएगा… पहले एक चाय और दो।”

आजकल अंतरराष्ट्रीय राजनीति की गलियों में एक यक्ष प्रश्न गूंज रहा है, जो सीधा हमारे बचपन के उस मशहूर विज्ञापन से आकर जुड़ गया है

पहले तो इस राज़ से परदा सिर्फ पार्ले कंपनी के पास था, लेकिन जब से वैश्विक मंच पर हमारी 'मेलोनी जी' और हमारे 'राष्ट्रप्रमुख' की तस्वीरें और रील्स वायरल हुई हैं, दुनिया को समझ आ गया है कि इस "मेलोडी" (Meloni + Modi) के चॉकोलेटी होने के पीछे असल में एक बेहद मजबूत और 'सकारात्मक' कूटनीतिक मिठास है!

पुरानी कूटनीति में नेता हाथ मिलाते थे, गंभीर चेहरे बनाकर साझा बयान जारी करते थे। लेकिन आज के दौर की यह नई 'मेलोडी डिप्लोमेसी' कमाल की है। इधर इटली से मेलोनी जी मुस्कुराती हैं, उधर हमारे राष्ट्रप्रमुख जी पूरे प्रोटोकॉल के साथ अपनी चिरपरिचित 'सदाबहार मुस्कान' बिखेर देते हैं।

जहां दुनिया भर के नेता आपस में युद्ध, मंदी और वीज़ा पर सिरदर्दी पाले हुए हैं, वहीं इन दोनों की सेल्फी इंटरनेट का पारा गिराकर माहौल को एकदम 'कूल' कर देती है। 


मेलोडी चॉकलेट ऊपर से सख्त, अंदर से चॉकोलेटी | रिश्तों में मिठास घोलने का पुराना नुस्खा। |

देखा जाए तो इस डिजिटल युग में यह तालमेल जनता के लिए एक बेहतरीन 'स्ट्रेस बस्टर' है। लोग जहां राजनीति में रोज तू-तू, मैं-मैं देखकर थक जाते हैं, वहां 'मेलोडी' का यह फ्लेवर एक सुखद अहसास देता है।

विपक्ष भले ही ढूंढता रहे कि इस मिठास के पीछे की 'पॉलिटिक्स' क्या है, लेकिन आम जनता तो बस यही गा रही है—

दुनिया चाहे जो भी सोचे भाई, पर मेलोडी इतनी चॉकोलेटी इसीलिए है क्योंकि इसमें दोनों देशों के राष्ट्रध्यक्षों की पॉजिटिव बॉन्डिंग की मिठास घुली है।

Share It:
शेयर
— आपको यह ब्लॉग पोस्ट भी प्रेरक लग सकता है।

नए ब्लॉग पोस्ट